आदित्य पाण्डेय/ न्यूज11भारत
सरिया डेस्क : सरिया अंचल के बड़की सरिया मौजा स्थित सर्वोदय आश्रम रोड किनारे बीते शनिवार की देर रात जंगल-जमीन को अवैध रूप से समतल कर रहे एक जेसीबी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया. जांच के बाद वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण और बुलडोजर चलाने के आरोप में भारतीय वन अधिनियम की धारा 133C और 63 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फॉरेस्टर के अनुसार, जेसीबी के मालिक का पता लगाने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है ताकि जमीन पर अवैध कब्जा कराने वाले मुख्य भू-माफिया तक पहुंचकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.
भू-माफियाओं की कारस्तानी से ग्रामीणों में आक्रोश
उल्लेखनीय है कि इस इलाके में लगातार भू-माफियाओं द्वारा रैयती और सरकारी जमीनों की अवैध घेराबंदी की शिकायतें आ रही थीं. रात में जेसीबी चलने की भनक मिलते ही प्रभावित रैयत और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए वाहन को जब्त करा दिया. इस घटना के बाद से क्षेत्र में भू-माफियाओं के बुलंद हौसलों और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश है.
यह भी पढ़ें: सरिया हाई स्कूल स्टेडियम में राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, दुमका की टीम बनी चैंपियन