चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के मंडरो हरिजन टोला में कल मंगलवार रात कुएं में गिरकर एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान गम्हरियाटांड गांव निवासी संतोष भंडारी के रूप में हुई है. युवक एक नाई था और वह मंडरो गांव के हरिजन टोला में हजामत के लिए आया था. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिली जानकारी के अनुसार, संतोष मंगलवार को मंडरो गांव में छटियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने की बात कहकर घर से निकला था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान मंडरो हरिजन टोला स्थित एक कुएं में उसके गिरने की जानकारी मिली. स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. स्थानीय लोगों ने नशे की हालत में कुएं में गिरने की आशंका जतायी है.
हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.संतोष नाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी अचानक मौत से पत्नी और चार बच्चों के सामने परिवार में संकट खड़ा हो गया है.
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि कुएं में गिरने से युवक की मौत की सूचना मिली है. पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है. मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: लोहरदगा: नशे में धुत पिता ने कुल्हाड़ी से की जवान बेटे की हत्या, कई दिनों से चल रहा था पिता-पुत्र के बीच विवाद