न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया हैं. झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कई जिलों में ओलावृष्टि ने लोगों को चौंका दिया. पतरातू और खूंटी जैसे क्षेत्रों में ओले गिरने से मौसम और भी सुहावना हो गया. बारिश के बाद रांची में रात का तापमान गिर गया, जिससे लोगों को चादर ओढ़कर सोना पड़ रहा हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में आज शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना हैं. राज्यभर में बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया हैं. इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है और कई इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई हैं.
इन जिलों में वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने झारखंड के 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया हैं. इन जिलों में रांची, खूंटी, लोहरदगा, साहिबगंज, जामताड़ा, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, धनबाद, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इन इलाकों में वज्रपात की प्रबल संभावना जताई गई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अब झारखंड का मौसम बदलने वाला हैं. उन्होंने बताया कि उत्तरी बांग्लादेश और उससे सटे इलाकों में चक्रवात मौजूद हैं. वहीं एक ट्रफ दक्षिणी छत्तीसगढ़ से पूर्वोत्तर बांग्लादेश होते हुए ओडिशा, झारखंड और उससे सटे दक्षिण बिहार, पश्चिम बंगाल के उत्तरी भागों से गुजर रहा हैं. इसके असर से अधिकतम तापमान में अगले 4 दिनों में 2 से 4 डिग्री सेंटीग्रेड की बढ़ोतरी हो सकती हैं.