न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल विराट कोहली को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई हैं. भारत-न्यूज़ीलैंड वनडे सीरीज के बाद विराट कोहली का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक प्लेटफॉर्म से गायब हो गया, जिससे करोड़ों प्रशंसक चौंक गए हैं.
इंस्टाग्राम पर विराट कोहली को करीब 27.4 करोड़ से ज्यादा लोग फॉलो करते है लेकिन अब उनका प्रोफाइल न तो सर्च करने पर नजर आ रहा है और न ही किसी के फॉलोअर्स या फॉलोइंग लिस्ट में दिखाई दे रहा हैं. अकाउंट खोलने पर “This page isn’t available” का मैसेज सामने आ रहा है, जिसने फैंस की चिंता और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दी हैं.
भाई विकास कोहली का अकाउंट भी बताया जा रहा डीएक्टिवेट
सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा है कि विराट के साथ-साथ उनके भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट हो गया हैं. हालांकि, इसको लेकर भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैं.
Virat Kohli's brother Vikash Kohli has also deactivated his Instagram account.
— Suprvirat (@Mostlykohli) January 29, 2026
What the hell is happening??? https://t.co/vcISBGaDb6 pic.twitter.com/mzepEcQnos
तकनीकी गड़बड़ी या जानबूझकर लिया गया फैसला?
फिलहाल विराट कोहली, उनकी मैनेजमेंट टीम या इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा (Meta) की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया हैं. ऐसे में अटकलों का बाजार गर्म हैं. कुछ लोग इसे इंस्टाग्राम की तकनीकी खराबी यानी ग्लिच मान रहे है जबकि कई फैंस का मानना है कि विराट ने निजी जीवन और परिवार के साथ समय बिताने के लिए खुद ही सोशल मीडिया से दूरी बनाई हैं.
कुछ यूजर्स ने अकाउंट हैक होने की आशंका जताई है, हालांकि अब तक ऐसे किसी दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया हैं. गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से विराट कोहली की सोशल मीडिया एक्टिविटी पहले के मुकाबले काफी कम हो गई थी.
क्रिकेट मैदान से बाहर भी विराट का बड़ा असर
विराट कोहली सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नाम नहीं हैं. उनका डिजिटल प्रभाव भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में फैला हुआ हैं. ऐसे में सोशल मीडिया से उनका अचानक गायब हो जाना फैंस और क्रिकेट जगत के लिए चर्चा का बड़ा विषय बन गया हैं.
फॉर्म में है विराट, जल्द करेंगे इंटरनेशनल वापसी
क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली हाल के समय में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं. 18 जनवरी को इंदौर में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में उन्होंने 108 गेंदों पर 124 रन की आक्रामक पारी खेली थी. हालांकि, उनके शतक के बावजूद भारतीय टीम को जीत नहीं मिल सकी. अब करीब छह महीने के ब्रेक के बाद विराट 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीरीज़ के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं.
फिलहाल सबकी नजरें इस बात पर टिकी है कि विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट तकनीकी कारणों से गायब हुआ है या यह सोशल मीडिया से जानबूझकर ली गई दूरी हैं. आधिकारिक बयान आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी.