न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश का नाम रोशन किया हैं. सिर्फ 14 साल की उम्र में ही क्रिकेट जगत में तहलका मचाने वाले इस होनहार बल्लेबाज को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार देश के उन बच्चों और युवाओं को दिया जाता है, जिन्होंने खेल, शिक्षा, कला, विज्ञान या सामाजिक कार्य में असाधारण योगदान दिया हो.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में वैभव को अपने हाथों से यह पुरस्कार प्रदान किया. इस मौके पर वैभव ने नारंगी रंग का ब्लेज़र और सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर सभी का ध्यान खींचा. जैसे ही वैभव का नाम पुकारा गया, वहां मौजूद लोग तालियों की गड़गड़ाहट से उनकी उपलब्धि का जश्न मनाने लगे. वैभव सूर्यवंशी का जन्म बिहार के समस्तीपुर में हुआ. उन्होंने छोटे से उम्र में ही क्रिकेट की दुनिया में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं. IPL में सबसे छोटे खिलाड़ी बनने और सबसे तेज़ शतक लगाने जैसे रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हैं. यही कारण है कि उन्हें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया. इस खास मौके पर वैभव का परिवार भी उनके साथ था.
उनके बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इस खुशी को साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर फोटो पोस्ट की और लिखा, "हमारे लिए गर्व का पल हैं. हमारे देश की राष्ट्रपति के हाथों आज वैभव को बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया. हमारी राष्ट्रपति ने वैभव की तारीफ भी की."
यह भी पढ़े: रांची: खलारी थाना क्षेत्र में सनसनी, प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की.. फिर खुद की ली जान