न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रेल से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए आज से बड़ा बदलाव लागू हो गया हैं. रेल मंत्रालय ने ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 26 दिसंबर 2025 से प्रभावी हो गई है यानी अब ट्रेन में सफर करना पहले के मुकाबले थोड़ा महंगा पड़ेगा.
215 किमी तक साधारण यात्रा पर राहत
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, ताकि रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े. साधारण नॉन-एसी ट्रेनों में दूसरे दर्जे के यात्रियों को 215 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए पहले की तरह ही किराया देना होगा. हालांकि 216 से 750 किलोमीटर की दूरी तय करने पर किराए में 5 रुपये, 751 से 1250 किलोमीटर पर 10 रुपये, 1251 से 1750 किलोमीटर पर 15 रुपये और 1751 से 2250 किलोमीटर की यात्रा पर 20 रुपये की बढ़ोतरी लागू की गई हैं.
मेल-एक्सप्रेस और एसी यात्रियों को ज्यादा असर
नॉन-सबअर्बन यात्राओं में स्लीपर और फर्स्ट क्लास के किराए में समान रूप से 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई हैं. वहीं मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी चेयर कार, एसी-3 टियर, एसी-2 टियर और एसी फर्स्ट क्लास तक सभी श्रेणियों के किराए 2 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाए गए हैं. इसके चलते यदि कोई यात्री 500 किलोमीटर की नॉन-एसी मेल या एक्सप्रेस ट्रेन से सफर करता है, तो उसे अब लगभग 10 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे.
अधिसूचना के अनुसार, भारतीय रेलवे की प्रमुख सेवाएं राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो, गरीब रथ, अमृत भारत, हमसफर समेत अन्य ट्रेनें भी संशोधित किराया व्यवस्था के तहत आएंगी. हालांकि यात्रियों को राहत देते हुए यह भी स्पष्ट किया गया है कि 26 दिसंबर से पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा, भले ही यात्रा की तारीख बाद की ही क्यों न हो.