न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी इतिहास लिखने जा रहा है. देश में वाटर टैक्सी तो पहले से ही चल रही हैं, लेकिन वाराणसी के गंगा नदी में जल्द ही हाइड्रोजन से चलने वाली टैक्सी से सफर का लुत्फ लोगों को मिलने जा रहा है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल इसका शुभारम्भ करने वाले हैं. बता दें कि यह हाइड्रोजन टैक्सी स्वदेशी तकनीक से निर्मित है और इसका निर्माण कोच्चि शिपयार्ड में हुआ है. करीब 10 करोड़ रुपयों की लागत से बनी इस वाटर टैक्सी की क्षमता 50 लोगों के बैठने की है. यह वाटर टैक्सी नमो घाट से रविदास घाट तक चलेगी. चूंकि हाइड्रोजन वाटर टैक्सी पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है, इसलिए गंगा का जल स्तर को किसी प्रकार के प्रदूषण का खतरा नहीं है. इसमें सफर करने वालों को शांत वातावरण का भी अनुभव होगा. इसका उद्देश्य भी काशी में प्रदूषण मुक्त पर्यटन को बढ़ावा देना है.
इस वाटर टैक्सी के संचालन का जिम्मा शिपिंग कारपोरेशन ऑफ इंडिया के हाथ में होगा और इसका परिचालन सुबह दस बजे से रात आठ बजे तक होगा. इसके किराया कितना होगा, यह अभी नहीं बताया गया है, फिर भी इसके लिए अच्छी खासी रकम देनी पड़ सकती है जो कि 500 रुपये प्रति व्यक्ति हो सकती है.
यह भी पढ़ें: सहरसा में पुलिस अभिरक्षा में युवक की तबीयत बिगड़ी, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, इलाज के लिए भेजा पटना