न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: हिंदू धर्म में शरद पूर्णिमा का विशेष महत्व माना गया है. आश्विन माह की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा या कोजागरी पूर्णिमा कहते हैं. इस साल यह पावन तिथि 6 अक्टूबर 2025, सोमवार को मनाई जाएगी. मान्यता है कि इस रात देवी लक्ष्मी स्वयं पृथ्वी पर आती हैं और अपने भक्तों को आशीर्वाद देती हैं.
चाँदनी से बरसता है अमृत
शास्त्रों में कहा गया है कि शरद पूर्णिमा की रात चांदनी अमृत के समान मानी जाती है. इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से पूर्ण होता है और उसकी किरणों से अमृत बरसता है. इस दिन किए गए उपायों से घर-परिवार में सकारात्मक ऊर्जा आती है और मां लक्ष्मी की कृपा से जीवन में उन्नति के रास्ते खुलते हैं. ये उपाय सुख-समृद्धि और धन-धान्य की वृद्धि में सहायक माने जाते हैं.
मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के खास उपाय
1. चंद्रमा को अर्घ्य: शरद पूर्णिमा की रात एक पात्र में स्वच्छ जल, चावल और फूल डालकर चंद्रमा को अर्घ्य दें. मान्यता है कि इससे जीवन में शांति आती है और घर में धन-समृद्धि का वास होता है.
2. खीर का विशेष प्रयोग: इस दिन खीर बनाकर उसे मिट्टी के बर्तन में खुले आकाश तले रख दें. सुबह उस खीर का सेवन करने से सेहत अच्छी रहती है और मां लक्ष्मी की कृपा भी प्राप्त होती है.
3. मां लक्ष्मी का मंत्र जाप: दरिद्रता दूर करने और धन-संपत्ति में वृद्धि के लिए, शरद पूर्णिमा की रात “ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं त्रिभुवन महालक्ष्म्यै अस्माकं दारिद्र्य नाशय प्रचुर धनं देहि देहि क्लीं ह्रीं श्रीं ॐ” मंत्र का 108 बार जप करें.
4. तुलसी के पास दीपक: इस पावन रात को तुलसी के पौधे के पास शुद्ध घी का दीपक जलाना शुभ माना गया है. तुलसी माता की पूजा करें और परिवार के सुख, शांति व समृद्धि की कामना करें.
यह भी पढ़े: अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण देकर नम आंखों से माता को दी गई विदाई