न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जलकर मौत हो गई. मृतकों में पति, पत्नी और उनकी 10 साल की बेटी शामिल है.
फायर ब्रिगेड को आज मंगलवार तड़के करीब 2:30 बजे जहांगीरपुरी के पास मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित DMRC स्टाफ क्वार्टर के एफ ब्लॉक की 5वीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गई.
चार घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया. फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग एक कमरे में रखे घरेलू सामान में लगी थी, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया.
आग बुझाने के बाद जब कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां से तीन जले हुए शव बरामद हुए. मृतकों की पहचान अजय कुमार (42), उनकी पत्नी नीलम (38) और उनकी बेटी जाह्नवी (10) के रूप में हुई हैं. तीनों एक ही फ्लैट में रह रहे थे.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया हैं. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही हैं. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं. आग पर काबू पाने के दौरान एक फायरकर्मी राकेश के हाथ में चोट लग गई. उन्हें तुरंत जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल हैं. DMRC स्टाफ क्वार्टर जैसी आवासीय इमारत में आग लगने की घटना ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस और दमकल विभाग की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी.
यह भी पढ़े: बक्सर के निजी अस्पताल में मरीज की मौत, डॉक्टर पर लगा लापरवाही का गंभीर आरोप