न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को दिल्ली पुलिस ने नाकाम कर दिया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस्लामिक स्टेट (ISIS) से प्रेरित एक आतंकी मॉड्यूल के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक, ये आतंकवादी आईईडी ब्लास्ट की तैयारी के आखिरी चरण में थे और फिदायीन हमले (आत्मघाती हमले) की ट्रेनिंग भी ले चुके थे.
गिरफ्तार किए गए दो आतंकियों में से एक को दिल्ली के सादिक नगर से और दूसरे को मध्य प्रदेश के भोपाल से पकड़ा गया है. दोनों ही खूंखार आतंकी संगठन ISIS के मॉड्यूल से जुड़े हुए थे. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की छापेमारी के दौरान पकड़े गए एक आतंकी का नाम अदनान बताया गया है.
बताया जा रहा है कि आतंकियों ने दिल्ली के किसी भीड़भाड़ वाले इलाके को निशाना बनाने की साजिश रची थी. पुलिस ने उनके पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि ISIS से प्रेरित इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) की मदद से चलाया जा रहा था.
गिरफ्तार आतंकवादियों से फिलहाल पूछताछ जारी है. सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क को खंगालने और ध्वस्त करने में जुट गई हैं. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन्हें इस मॉड्यूल से किसने जोड़ा, मॉड्यूल में और कितने लोग शामिल हैं, इन्हें फंडिंग कहां से हो रही थी, और इनकी पूरी साजिश क्या थी.
यह भी पढ़े: चौथा सैफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप आज से, मुख्यमंत्री सोरेन करेंगे उद्घाटन