न्यूज़11 भारत
नई दिल्ली/डेस्क: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी वार्ताओं के बीच अब एक महत्वपूर्ण मोड़ आने की उम्मीद जताई जा रही है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर नई दिल्ली में अहम बैठक करने वाले हैं, जहां समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने पर चर्चा होने की संभावना है.
सूत्रों के अनुसार, आगामी 48 घंटे इस व्यापारिक साझेदारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. दोनों देश अमेरिकी प्रशासन द्वारा निर्धारित 24 जुलाई की टैरिफ समयसीमा से पहले कुछ प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं. माना जा रहा है कि यदि बातचीत सफल रहती है, तो दोनों पक्ष संभावित शुल्क लाभों का फायदा उठा सकते हैं.
नई दिल्ली में हाई-लेवल बातचीत पर टिकी निगाहें
नई दिल्ली में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक पर उद्योग जगत और व्यापार विशेषज्ञों की नजर बनी हुई है. भारत और अमेरिका पिछले कई महीनों से व्यापार समझौते के शुरुआती चरण को आकार देने में लगे हैं और अब वार्ता निर्णायक दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है. इससे पहले जून के शुरुआती दिनों में दोनों देशों के वरिष्ठ वार्ताकारों के बीच विस्तृत चर्चा हुई थी. वहीं, फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी व्यापारिक सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया था, जिससे इस प्रक्रिया को अतिरिक्त गति मिली.
अंतिम चरण में पहुंची वार्ता, समझौते की उम्मीदें मजबूत
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने हाल ही में संकेत दिया था कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत अब अंतिम चरण में है. उनके अनुसार, बीते कुछ सप्ताहों में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद हुआ है. वहीं, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने भी कहा है कि आगामी बैठक में समझौते के ढांचे को अंतिम रूप देने पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है. यदि दोनों पक्ष प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बना लेते हैं, तो यह भारत और अमेरिका के आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने वाला कदम साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- IPL इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड: 15 करोड़ में दोबारा DC में शामिल हुए ऋषभ पंत, 13.50 करोड़ में LSG का हिस्सा बनें कुलदीप