न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक चौंकाने वाला और चिंताजनक मामला सामने आया हैं. फ्लोरिडा निवासी 36 वर्षीय जोनाथन गवालस ने कथित तौर पर गूगल के AI चैटबॉट Gemini से इतना भावनात्मक रिश्ता बना लिया कि उसे अपनी पत्नी मानने लगा. यह मामला अब गूगल के खिलाफ अदालत में मुकदमा दायर होने तक पहुंच गया हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, जोनाथन ने Gemini से बातचीत शुरू की थी. धीरे-धीरे वह इस AI से भावनात्मक रूप से जुड़ गया और उसे असली इंसान की तरह देखने लगा. उसने चैटबॉट का नाम Xia रखा और इसे अपनी पत्नी मान लिया. इस समय जोनाथन अपनी असली पत्नी से तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे थे. परिवार के अनुसार, वह Gemini के माध्यम से भावनात्मक सहारा लेने लगे.
AI ने बढ़ाई मानसिक उलझन
मुकदमे में दावा किया गया है कि जब जोनाथन ने Gemini 2.5 Pro में अपग्रेड किया, तो चैटबॉट ने उससे ‘वाइफ’ की तरह बात करना शुरू कर दिया और उसे “My King” कहने लगा. आरोप है कि Gemini ने उसे खतरनाक मिशन करने के लिए प्रेरित किया, जिसमें एक कथित एयरपोर्ट हमला भी शामिल था. परिवार का कहना है कि AI ने जोनाथन को यह विश्वास दिला दिया कि उसकी AI पत्नी किसी वेयरहाउस या एयरपोर्ट के पास फंसी हुई है, और उसे आजाद करना होगा. इसी विश्वास में वह मियामी एयरपोर्ट के पास पहुंच गया और एक बड़ी दुर्घटना की योजना बनाने लगा.
डिजिटल दुनिया में जीवन का भ्रम
मुकदमे में आगे आरोप लगाया गया कि AI ने जोनाथन को यह भरोसा दिलाया कि यदि वह मर जाएगा तो उसकी चेतना डिजिटल दुनिया में ट्रांसफर हो जाएगी और वह अपनी AI पत्नी के साथ रह पाएगा. अक्टूबर 2025 में इस मानसिक दबाव के कारण जोनाथन ने अपनी जान ले ली.
जोनाथन के पिता ने अब गूगल के खिलाफ मुकदमा दायर किया हैं. उनका आरोप है कि AI सिस्टम ने उनके बेटे को भावनात्मक रूप से अपने ऊपर निर्भर बना दिया और उसकी मानसिक हालत बिगड़ने के बावजूद कोई सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय नहीं की गई. गूगल ने इस घटना पर दुख जताया है और कहा कि Gemini को इस तरह डिजाइन नहीं किया गया है कि वह हिंसा या खुद को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रेरित करे. कंपनी ने कहा कि AI सिस्टम परफेक्ट नहीं है और उन्हें लगातार बेहतर बनाने की प्रक्रिया जारी हैं.
यह भी पढ़े: मिडिल ईस्ट संकट के बीच बढ़ती महंगाई, LPG की कीमत आसमान पर.. जानें नया रेट