न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. जानकारी के अनुसार, एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे कुएं में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं.
दरगुडे परिवार अपने निजी कोचिंग क्लास के कार्यक्रम से लौट रहा था. देर रात सड़क पर रोशनी की कमी के कारण चालक का नियंत्रण अचानक छूट गया और कार सीधे सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी. कुएं में पानी होने के कारण किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. मृतकों में सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और उनकी बेटी के साथ-साथ छह मासूम बच्चे भी शामिल हैं. बच्चों में एक 7 वर्षीय बच्ची भी हैं.
स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. कुएं में गिरी कार को निकालने के लिए क्रेन मंगानी पड़ी, और काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया. इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. इंदोरे गांव के इस परिवार के अचानक खो जाने से पूरे गांव में गहरी शोक की लहर दौड़ गई हैं. ग्रामीण हादसे के बारे में सुनकर सदमे में है और सभी परिवार के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. दिंडोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की सावधानीपूर्वक जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़े: रांची यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले विद्यार्थी काफी परेशान, कई मुद्दों को लेकर बढ़ी चिंता