न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन गूगल आज अपना 27वां जन्मदिन मना रहा हैं. इस खास मौके पर गूगल ने एक स्पेशल डूडल बनाया है, जिसमें उसका पहला लोगो दिखाया गया हैं. यह डूडल उन अरबों यूजर्स के लिए धन्यवाद का प्रतीक है, जिन्होंने गूगल के सफर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
कब और कैसे शुरू हुआ गूगल?
गूगल की नींव 1998 में लैरी पेज और सर्जी ब्रिन ने रखी थी. दोनों उस समय स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में पीएचडी के छात्र थे. कंपनी की आधिकारिक स्थापना 4 सितंबर, 1998 को हुई, लेकिन 2000 से गूगल अपना जन्मदिन 27 सितंबर को मनाने लगा. दरअसल, इस दिन गूगल ने इंटरनेट पर रिकॉर्ड संख्या में वेब पेज इंडेक्स कर एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया था.
नाम के पीछे की कहानी
गूगल का नाम किसी संक्षिप्त रूप (acronym) से नहीं, बल्कि “Googol” शब्द से आया हैं. गूगोल एक ऐसी संख्या है, जिसमें 1 के बाद 100 शून्य होते हैं. यह नाम इसलिए चुना गया ताकि इंटरनेट की अनंत जानकारी को व्यवस्थित करने के गूगल के मकसद को दर्शाया जा सके. हालांकि लोग इसे “Global Organization of Oriented Group Language of Earth” भी कहते हैं.
सिर्फ सर्च इंजन नहीं, टेक्नोलॉजी का दिग्गज
27 साल में गूगल ने सर्च इंजन से कहीं आगे बढ़कर अपनी पहचान बनाई हैं. आज यह जीमेल, गूगल मैप्स, यूट्यूब, एंड्रॉयड, गूगल क्लाउड, पिक्सल फोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स जैसी कई सेवाओं के जरिए पूरी दुनिया की जरूरतों को पूरा कर रहा हैं.
Alphabet बना नई पहचान
2015 में गूगल ने खुद को अल्फाबेट इंक. के तहत पुनर्गठित किया. अब गूगल की सभी मुख्य सेवाएं अल्फाबेट की छत्रछाया में आती हैं. इसके अलावा वेमो (सेल्फ-ड्राइविंग कार), वेरिली (हेल्थ टेक) और एक्स रिसर्च जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी इसी का हिस्सा हैं. अल्फाबेट एक पब्लिक कंपनी है, लेकिन लैरी पेज और सर्जी ब्रिन के पास क्लास बी शेयर हैं, जिससे कंपनी के बड़े फैसलों में उनकी पकड़ मजबूत रहती हैं.
हर जिंदगी का हिस्सा बन चुका गूगल
आज गूगल सिर्फ एक सर्च इंजन नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं. चाहे मैप्स से रास्ता खोजना हो, यूट्यूब पर वीडियो देखना हो या एंड्रॉयड फोन चलाना, गूगल हर जगह मौजूद हैं. 27 साल बाद भी यह साफ है कि गूगल ने तकनीक की दुनिया को न सिर्फ बदला है बल्कि आने वाले समय में भी नए आविष्कारों से हमारी जिंदगी को और आसान बनाता रहेगा.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather Update: रांची सहित कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी