न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को नर्मदा जिले के केवड़िया स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की. उन्होंने 30 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 25 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस लोकार्पण के साथ ही, एकता नगर में अब कुल 55 ई-बसें पर्यटकों को मुफ्त यात्रा सेवाएं प्रदान करेंगी. प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर हरित परिवहन और टिकाऊ पर्यटन की दिशा में एकता नगर को देश की आदर्श ई-सिटी के रूप में विकसित करने का अपना विजन प्रस्तुत किया.
प्रधानमंत्री ने ई-बसों को एकता नगर की सड़कों पर दौड़ने की स्वीकृति दी
ई-बसों के लोकार्पण अवसर पर, प्रधानमंत्री ने हरी झंडी लहराकर नई ई-बसों को एकता नगर की सड़कों पर दौड़ने की स्वीकृति दी. इस हरित पहल का स्वागत वहां उपस्थित अधिकारियों और पर्यटकों ने हर्ष और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ किया.
नई ई-बसों की विशेषताएं
- ये 9 मीटर लंबी एसी मिनी ई-बसें एक बार चार्ज करने के बाद 180 किलोमीटर तक दौड़ सकती हैं.
- इन बसों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसमें एक विशेष लिफ्टिंग सिस्टम है, जिसके जरिए दिव्यांगों की सीट को नीचे लाया जा सकता है, ताकि वे आरामदायक तरीके से बस में चढ़ और उतर सकें.
- महिलाओं के लिए अलग से चार पिंक सीटों की व्यवस्था की गई है, ताकि वे सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का आनंद उठा सकें.
यह भी पढ़े: Jharkhand Weather Update: चक्रवातीय तूफान 'मोंथा' के कारण दो दिन इन जिलों में बारिश की संभावना