न्यूज 11 भारत
रांची/डेस्क: पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के दिशानिर्देशों तथा संस्थान के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार के मार्गदर्शन में होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) राँची द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। । इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे संस्थान परिसर से प्रारंभ होकर ब्राम्बे ग्राम और आसपास के क्षेत्रों से होते हुए संपन्न हुई। इस रैली के दौरान संस्थान द्वारा देशभक्ति और एकता की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु स्थानीय निवासियों के मध्य 300 राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए और अभियान में भाग लेने के लिए तथा अपने अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में संस्थान के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार, संकाय सदस्य, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और सभी छात्र उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
देशभक्ति के रंगों में रंगी इस यात्रा का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और आईएचएम राँची की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम ने न केवल जन-भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि समाज में एकता, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश भी दिया।
प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने संस्थान के प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए बताया कि", “ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। साथ हीं राष्ट्र-निर्माण और सामुदायिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी हैं, जिससे स्वतंत्रता दिवस का उत्सव और भी सार्थक एवं प्रेरणादायक बन जाता है।