न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड पर मौसम का कहर अगले 24 घंटों तक जारी रहने की आशंका है. IMD और हाइड्रोमेट डिवीजन की फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश और 12 जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है.
12 जिलों में फ्लैश फ्लड की आशंका
फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने सोमवार शाम 5:30 बजे तक रांची समेत 12 जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है. ये जिले हैं: गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो.
इन 8 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम केंद्र रांची ने 8 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें शामिल हैं: गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम. इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. इसके अलावा 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना है.
मानसून ट्रफ डालटनगंज से होकर गुजर रहा
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मानसून ट्रफ फिलहाल झारखंड के डालटनगंज से गुजर रहा है, जिसका असर सोमवार को अधिक देखने को मिलेगा. पिछले 24 घंटे में झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हुई. लातेहार के चंदवा में सर्वाधिक 90.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, डालटनगंज में 19.6 मिमी वर्षा हुई.
झारखंड में सामान्य से अधिक बारिश
अब तक झारखंड में 1 जून से 6 जुलाई तक 417.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य रूप से इस अवधि में 246.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. यानी इस बार राज्य में सामान्य से 69% अधिक वर्षा दर्ज की गई है.
गोड्डा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8°C और गुमला में न्यूनतम तापमान 21.6°C रिकॉर्ड किया गया. राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य या उससे अधिक वर्षा हो चुकी है, जबकि सिर्फ 4 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है.