न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता मधु कोड़ा ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर एक अहम मांग रखी. उन्होंने झारखंड शिक्षक पात्रता नियमावली-2025 के तहत अनुसूची-1 में "हो" भाषा को शामिल करने की मांग की. मधु कोड़ा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्य के पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, दुमका और गुमला जैसे जिलों में "हो" भाषा का व्यापक रूप से उपयोग होता है. उन्होंने बताया कि झारखंड में लगभग 12 लाख लोग "हो" भाषा को मातृभाषा के रूप में बोलते हैं और 6 लाख से अधिक अन्य स्थानीय लोग भी इसका उपयोग करते हैं. देशभर में "हो" भाषा बोलने वालों की संख्या लगभग 46 लाख है. उन्होंने "हो" भाषा को अधिकारिक मान्यता देने की मांग की.