न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद के कुमारधुबी चौक से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग आपस में जमकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद अवैध लॉटरी और ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार में वर्चस्व को लेकर हुआ. दो गुटों के बीच हुई इस मारपीट में कई लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना की सूचना मिलते ही कुमारधुबी और चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया. बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचते ही मारपीट में शामिल लोग मौके से फरार हो गए.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक पूरे निरसा अनुमंडल क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार एक बड़े सिंडिकेट के जरिए संचालित होने की चर्चा है. पहले इस कारोबार को झुनझुनवाला ग्रुप से जोड़कर देखा जाता था, जबकि अब तिवारी और खान ग्रुप के हाथ में होने की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि विवाद ऑनलाइन सट्टे में गड़बड़ी और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ. आरोप है कि एक पक्ष के युवक को पहले मैथन बुलाकर धमकाया गया, जिसके बाद मामला बढ़ गया और दूसरा पक्ष कुमारधुबी चौक पहुंच गया. इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई.
अवैध कारोबार होने के कारण किसी भी पक्ष की ओर से अब तक पुलिस में लिखित शिकायत नहीं दी गई है. वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुमारधुबी के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है. सूचना के अनुसार पुलिस ने इस संदर्भ में एक पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, इस संबंध में धनबाद के ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. जल्द कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि धनबाद जिले में अवैध लॉटरी का कारोबार अपनी जड़ें मजबूत करता जा रहा है. जिसके लालच में फंसकर आम जनता अपनी गाढ़ी कमाई खो कर बर्बाद हो रहे हैं. वहीं कुछ दिन पूर्व ही सिंदरी विधायक चंद्र देव महतो ने भी धनबाद में फलफूल रहे इस लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाई था. अब देखना होगा कि पुलिस लॉटरी और सट्टे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ क्या और कब तक कार्रवाई करती है.
यह भी पढ़ें- Neet Re-Exam: सॉल्वर गैंग की जांच में सामने आया झारखंड कनेक्शन, लखीसराय पुलिस की विज्ञप्ति में कई छात्रों का नाम