न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाइवा वाहन से करीब 208 किलो गांजा बरामद किया है। गांजे की यह खेप बेहद शातिर तरीके से वाहन के डल्ले के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
हाईलाइट्स -
- एनएच-19 पर वाहन जांच के दौरान शेरघाटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- हाइवा के डल्ले के नीचे बने गुप्त चैंबर से 208 किलो गांजा बरामद
- आठ बोरों में छिपाकर लाई जा रही थी गांजे की खेप
- चालक और खलासी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
- उड़ीसा से बिहार लाई जा रही थी खेप, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, आठ बोरों में छिपाकर लाई जा रही थी खेप
जानकारी के अनुसार, शेरघाटी थाना अध्यक्ष मोहन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक हाइवा वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर बिहार की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एनएच-19 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध हाइवा को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में वाहन सामान्य मालवाहक प्रतीत हुआ, लेकिन पुलिस को शक होने पर डल्ले की गहन जांच की गई। जांच के दौरान डल्ले के नीचे विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चैंबर मिला, जिसमें आठ बोरे रखे गए थे। प्रत्येक बोरे में करीब 26 किलो गांजा भरा हुआ था। कुल मिलाकर लगभग 208 किलो गांजा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप उड़ीसा से बिहार लाई जा रही थी और राज्य के विभिन्न जिलों में इसकी सप्लाई होनी थी। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले को लेकर जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें - सात फेरे, सात वचन, सात जन्मों का साथ, महज़ 30 मिनट में टूट गया, प्रेमी जोड़े ने खाया जहर; दूल्हे की मौत, दुल्हन...