न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में पावर ग्रिड सबस्टेशन में हुई डकैती कांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को 12 से 15 की संख्या में अपराधियों ने पावर ग्रिड कर्मियों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था. अपराधी करीब 4 लाख रुपये मूल्य के कॉपर वायर समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे.
चोरी का माल ले जा रहा ऑटो रास्ते में हुआ था खराब
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 किलो कॉपर वायर, 12 हजार रुपये नकद, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो टेंपो और दो बाइक बरामद किए हैं. साथ ही चोरी के कॉपर वायर खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दिन चोरी का माल ले जा रहा ऑटो रास्ते में खराब हो गया था, जिससे अपराधियों की गतिविधियों का सुराग मिला.
पुलिस की छापेमारी जारी
गिरफ्तार आरोपियों में कई का आपराधिक इतिहास रहा है और वे हाल ही में जेल से छूटने के बाद गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे थे. फिलहाल, मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें- DRM ऑफिस घूसकांड मामला: रेलवे विभाग की बड़ी कार्रवाई, सीनियर DCM शुचि सिंह का हुआ तबादला