न्यूज11 भारत
वैशाली/डेस्क: वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में पारिवारिक कलह ने हिंसक रूप ले लिया. पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे युवक को उसके ही जीजा ने गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है. घटना के संबंध में बताया गया कि आरोपी नीरज का अपनी पत्नी, जो घायल युवक अनिक कुमार की फुफेरी बहन हैं, से आए दिन विवाद होता रहता था. बीती रात नीरज ने पत्नी के साथ मारपीट की. इसकी सूचना पर पत्नी के भाई अनिक कुमार और उसके परिजन भगवतीपुर पहुंचे, ताकि मामला शांत कराया जा सके.परिजनों के अनुसार, बातचीत के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई. आरोपी नीरज घर के अंदर गया और हथियार लेकर बाहर आते ही दो राउंड फायरिंग कर दी. भागने के प्रयास में गोली जाकर अनिक को लग गई. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अनिक को पहले स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: राजनीतिक द्वेष में चाकूबाजी में जख्मी युवक की मौत पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर न्याय की मांग की