न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 31 जुलाई को दिल्ली से रांची लौटने वाले हैं. अपने पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के इलाज के चलते वे इन दिनों दिल्ली में हैं. शिबू सोरेन का इलाज दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में जारी हैं. इस बीच मुख्यमंत्री राज्य के हर महत्वपूर्ण मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
मुख्यमंत्री के रांची लौटते ही विधानसभा के मॉनसून सत्र को लेकर सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों के साथ एक अहम बैठक की जाएगी. इस बैठक में सरकार की आगामी रणनीति, प्रस्तावित विधेयकों और विपक्ष के संभावित सवालों को लेकर मंथन होगा. साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के देवघर दौरे को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं. मुख्यमंत्री खुद राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे. राष्ट्रपति मुर्मू 31 जुलाई को देवघर पहुंचेंगी. वहीं, एक अगस्त को मुख्यमंत्री धनबाद का दौरा भी कर सकते हैं.
दिल्ली में रहकर भी राज्य पर पूरी नजर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली स्थित झारखंड भवन से राज्य की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. वे ऑनलाइन माध्यम से मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कर रहे हैं. झारखंड आदिवासी महोत्सव, स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रपति दौरे को लेकर वे लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जरूरी विधेयकों की कॉपी दिल्ली मंगवाकर उन्हें स्वीकृति दे रहे हैं. उन्होंने विभिन्न जिलों के उपायुक्तों को भी सीधे निर्देश दिए हैं. सोशल मीडिया पर भी वे लगातार सक्रिय हैं और राज्य से जुड़े हर अहम विषय पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं.