इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह पर एक अज्ञात महिला को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट कर दी. घटना मोरलाही के समीप हुई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से मुक्त कराकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
सदर थाना की सब-इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक महिला को बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ रखा है. पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को समझा-बुझाकर महिला को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया.
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार के अनुसार महिला के शरीर में अंदरूनी चोटों के संकेत मिले हैं. चोटों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उसका एक्स-रे कराया जा रहा है. महिला अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है और केवल इतना कह रही है कि वह सहरसा जिले की निवासी है. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर पहुंच गए. प्रारंभिक तौर पर महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
वहीं प्रभारी एसपी धीरेन्द्र पांडे ने बताया कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना मिली थी. मामले में 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें. सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: नवादा में बिजली विभाग की कार्रवाई,12 लाख से अधिक बकाया बिल पर पूरे गांव की बिजली काटी