अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ANMMCH) से जुड़ा एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है. न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र कुमार की पत्नी को जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में मगध मेडिकल थाना में कांड संख्या 11/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
डॉ. सत्येन्द्र कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, उनकी पत्नी विभा कुमारी के मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगातार धमकी भरे फोन किए गए. पहली धमकी 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे दी गई, जब उनकी पत्नी मगध कॉलोनी स्थित न्यूरो क्लिनिक में मौजूद थी. दूसरी धमकी 31 दिसंबर 2025 को शाम 7:50 बजे दी गई, उस समय वे पटना के कंकड़बाग स्थित अपने आवास पर थी. फोन करने वाले ने स्पष्ट रूप से एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी.
डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि इन धमकियों के बाद से पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में है. उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर अप्रिय घटना घट सकती है. इसी को लेकर उन्होंने मगध मेडिकल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. मगध मेडिकल थाना पुलिस के अनुसार, मामले में कांड संख्या 11/26 दर्ज कर लिया गया है. धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर सहित चिकित्सक समुदाय में चिंता और आक्रोश का माहौल है.

यह भी पढ़े: हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी देश की प्रधानमंत्री.. महाराष्ट्र के सोलापुर में ओवैसी का बड़ा बयान