न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बिहार में महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की. इस योजना के तहत राज्य की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजी जा रही हैं.
पहली किस्त में 75 लाख महिलाओं को मिला 10-10 हजार रुपये
योजना के पहले चरण में 75 लाख महिलाओं के खाते में सीधे 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए. कुल मिलाकर इस चरण में 7,500 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों तक पहुंची, जिससे राज्य की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और रोजगार सृजन में मदद मिली.
अगली किस्त 3 अक्टूबर को जारी होगी
सरकार ने अब बाकी महिलाओं को भी योजना से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि 3 अक्टूबर को अगली किस्त जारी की जाएगी. इस दौरान बाकी पात्र महिलाओं के खातों में भी 10-10 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे.
सफल महिलाओं को मिलेगा 2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता
नीतीश कुमार ने बताया कि जिन महिलाओं का रोजगार सफलतापूर्वक आगे बढ़ेगा, उन्हें सरकार की ओर से 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. इससे महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था में भी सक्रिय योगदान देंगी. योजना की घोषणा मुख्यमंत्री ने 29 अगस्त को की थी. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का इसमें शामिल होना राज्य के लिए गर्व की बात हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि महिलाएं इस राशि का सही उपयोग कर अपने परिवार और समाज को सशक्त बनाएंगी.