इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: सहरसा में शुक्रवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम क्षेत्र के कृष्णा नगर वार्ड संख्या–37 स्थित एक आवास पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की चार सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह छापेमारी की. यह कार्रवाई खगड़िया जिले के एलईएयू (LEAU) विभाग में पदस्थापित अकाउंटेंट शिशिर राय से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में की गई. बताया गया कि शिशिर राय को शुक्रवार को खगड़िया जिले में बिल पास करने के एवज में 18 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद आगे की जांच के क्रम में निगरानी डीएसपी संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने सहरसा स्थित उनके आवास पर छापेमारी की.
निगरानी थाना कांड संख्या 4/26, दिनांक 08 जनवरी 2026 के आलोक में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने घर के सभी कमरों, अलमारियों और अन्य सुरक्षित स्थानों की गहन तलाशी ली. सर्च ऑपरेशन में कुल 3 लाख 56 हजार 900 रुपये नकद, दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी तथा इंश्योरेंस पॉलिसी और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए. निगरानी डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि बरामद नकदी में से 56 हजार 900 रुपये घरेलू खर्च के मद में वापस कर दिए गए हैं, जबकि शेष नकदी और अन्य सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया गया है. फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़े: जमुई: थाने से करीब स्वर्ण व्यवसायी से 7 हथियारबंद अपराधियों ने की 50 लाख की लूटपाट