न्यूज11 भारत
वैशाली/डेस्क: लालगंज नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया. अभियान के तहत भट्ठी पोखर स्थित सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर से कार्रवाई की गई. इस दौरान सरकारी आवास सहित कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र में एक व्यवस्थित और स्थायी वेंडिंग जोन का निर्माण करना है, जिससे अस्थायी दुकानदारों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जा सके और शहर में लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिल सके.
अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा. नगर परिषद लालगंज द्वारा भट्ठी पोखर चौक के समीप प्रस्तावित वेंडिंग जोन स्थल पर सूचना बोर्ड भी स्थापित कर दिया गया है. नगर परिषद कार्यालय के कर्मचारियों ने बताया कि अब तक नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का वेंडिंग जोन निर्धारित नहीं था. इसके चलते फल, सब्जी विक्रेता, ठेला-खोमचा संचालक और फुटपाथ दुकानदार मुख्य सड़कों के किनारे व्यवसाय करते थे, जिससे यातायात बाधित होता था और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
भट्ठी पोखर चौक के पास विकसित किए जा रहे वेंडिंग जोन में अब सब्जी विक्रेता, फल विक्रेता, फुटपाथ दुकानदार और अन्य अस्थायी व्यापारी व्यवस्थित रूप से अपना व्यवसाय कर सकेंगे. इससे न केवल दुकानदारों को स्थायी स्थान मिलेगा, बल्कि शहर की सड़कों पर अव्यवस्था और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी.
नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वेंडिंग जोन के निर्माण के बाद यदि कोई दुकानदार सड़क किनारे ठेला, खोमचा या अस्थायी दुकान लगाते पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला जाएगा. नगर परिषद का दावा है कि प्रस्तावित वेंडिंग जोन और सड़क निर्माण परियोजनाओं से लालगंज क्षेत्र का समग्र विकास होगा. इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, नगर की सुंदरता बढ़ेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें और नगर को स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें.
यह भी पढ़ें: भागलपुर: खेत किनारे बगीचे में मिला 3 माह के अज्ञात शिशु का शव, इलाके में फैली सनसनी