न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अभिषेक राज/गया जी: पितृपक्ष मेला 2026 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर गया जिला प्रशासन नई पहल करने जा रहा है। भीड़भाड़ के दौरान बच्चों के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द परिवार तक पहुंचाने के लिए QR कोड आधारित सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।
इसके तहत बच्चों के लिए QR कोड वाला स्टीकर/बैंड जारी किया जाएगा, जिसे बच्चे के हाथ में पहनाया जाएगा। QR कोड में बच्चे के माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर और स्थायी पता समेत जरूरी संपर्क जानकारी दर्ज रहेगी।
पितृपक्ष मेले के दौरान यदि कोई बच्चा भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ जाता है, तो उसके हाथ में लगे QR कोड को स्कैन कर परिजनों का संपर्क विवरण हासिल किया जा सकेगा। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की मदद से बच्चे को उसके परिवार से मिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पितृपक्ष के दौरान खो जाने वाले बच्चों की पहचान और उनके परिजनों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना है। प्रशासन का मानना है कि भीड़भाड़ वाले मेला क्षेत्र में यह व्यवस्था बच्चों की सुरक्षा के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।