मनीष कुमार/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: रक्सौल थाना क्षेत्र के नोनियाडीह पंचायत अंतर्गत महदेवा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सरेह स्थित एक पोखर के तट पर एक झोले में छह सुतली बम बरामद किए गए. बम मिलने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. घटना स्थल नेपाल सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित हैं.
बताया जाता है कि ग्रामीण शौच के लिए पोखर की तरफ गए थे. इसी दौरान एक युवक की नजर एक संदिग्ध झोले पर पड़ी. करीब जाकर देखने पर झोले में सुतली बम दिखाई दिए, बम की सूचना के बाद पूरे रक्सौल में हड़कम्प मच गया. बम की सूचना के बाद रक्सौल थाना पुलिस और सीमा पर तैनात एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया. फिलहाल आम लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. बरामद बमों की सूचना वरीय अधिकारियों के साथ-साथ डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता टीम के दिया गया हैं. मौके पर डॉग सक्योर्ड टीम तो आई है लेकिन बम निरोधक दस्ता अभी नही पहुंचा हैं. पोखर के पास बम कैसे और किस उद्देश्य से लाया गया, इसकी जांच कई बिंदुओं पर की जा रही हैं.
चार दिन पहले ही महदेवा गांव के निवासी संजय सिंह के घर भीषण डकैती हुई थी. लोगों का अनुमान है कि डकैतों ने डकैती के दौरान ये बम पोखर के पास छोड़ दिए होंगे. इससे पहले अप्रैल 2023 में भी इसी गांव में अरुण सिंह के घर डकैती के बाद बगल के पोखर के पास इसी प्रकार के सुतली बम बरामद हुए थे. लगातार दूसरी बार बम मिलने की घटना के बाद ग्रामीणों में भय और तनाव का माहौल हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों तक जल्द पहुंचा जाएगा.
यह भी पढ़े: मुंगेर मंडल कारा में छापेमारी, कैदियों के बीच मचा हड़कंप