न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
राहुल कुमार/शेरघाटी: शेरघाटी शहर से होकर गुजरने वाले एनएच-19 पर बसों के बेतरतीब ठहराव, टोटो-ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर यात्रियों को बैठाने-उतारने से लगने वाले जाम को लेकर न्यूज 11 भारत की खबर का असर सामने आया है। एनएच-19 पर लगातार बढ़ रही यातायात की समस्या को लेकर न्यूज 11 भारत ने शनिवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर में सड़क पर जगह-जगह यात्री बसों के रुकने, टोटो-ऑटो के बेतरतीब खड़े रहने और इसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने का मुद्दा उठाया गया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जतिन कुमार तत्काल एक्शन में आए और शनिवार की शाम स्थानीय थाना को एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किया। एसडीओ ने स्पष्ट कर दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी स्थिति में यात्री बसों का अनधिकृत ठहराव नहीं होने दिया जाएगा।
एसडीओ ने थाना अध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि एनएच-19 पर सड़क के बीच या किनारे अनधिकृत रूप से बस खड़ी कर यात्रियों को बैठाने और उतारने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। साथ ही ऑटो और टोटो को भी मुख्य सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर परिचालन करने से रोका जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
खबर में उठाया गया था जाम का मुद्दा
न्यूज 11 भारत की खबर में बताया गया था कि शेरघाटी शहर से गुजरने वाले एनएच-19 पर कई स्थानों पर यात्री बसें सड़क पर ही रुक जाती हैं। बस के रुकते ही पीछे से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
इसी तरह टोटो और ऑटो चालक भी कई स्थानों पर सड़क के किनारे या मुख्य मार्ग पर ही वाहन खड़ा कर यात्रियों का इंतजार करते हैं। यात्रियों को बैठाने और उतारने के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है। कई बार छोटे वाहनों के पीछे बड़े वाहन और बसें फंस जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
एसडीओ ने कहा, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन की ओर से थाना को दिए गए निर्देश के बाद अब एनएच-19 पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने, बसों को मुख्य मार्ग पर रोककर यात्रियों को बैठाने-उतारने तथा यातायात बाधित करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ के निर्देश के बाद पुलिस की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। थाना पुलिस को एनएच-19 के प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों को हटाने का निर्देश दिया गया है।
दुर्घटना की भी बनी रहती है आशंका
एनएच-19 पर बेतरतीब पार्किंग केवल जाम की समस्या ही नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बन सकती है। मुख्य सड़क पर अचानक बस के रुकने या टोटो-ऑटो के खड़े रहने से पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। कई बार वाहन चालक ओवरटेक करने के प्रयास में दूसरी लेन में चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना जरूरी है। बसों के लिए निर्धारित ठहराव स्थल और टोटो-ऑटो के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था होने से समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
न्यूज 11 भारत की खबर के बाद त्वरित कार्रवाई से जगी उम्मीद
न्यूज 11 भारत द्वारा लगातार आम लोगों से जुड़ी इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह जनसमस्याओं पर प्रशासन संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई करता है तो शहर की कई यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान हो सकता है।
एनएच-19 पर बसों और टोटो-ऑटो की मनमानी पर एसडीओ जतिन कुमार का सख्त रुख प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। अब देखना होगा कि निर्देश के बाद पुलिस कितनी सख्ती से कार्रवाई करती है और एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है।