न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
इंद्रदेव / सहरसा : बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे में चौकीदार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रंगाणिया शिव मंदिर के पास की है, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है। जहां बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रंगाणिया शिव मंदिर के पास एक सड़क हादसे में सोनबरसा कचहरी में कार्यरत चौकीदार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सहरसा में सड़क हादसे में चौकीदार की इलाज के दौरान मौत
ड्यूटी से लौटने के बाद हुआ हादसा
मृतक की पहचान सोनबरसा कचहरी में कार्यरत 38 वर्षीय भवेश यादव के रूप में हुई है, जो केलू यादव के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार, भवेश यादव दिन में अपने थाना ड्यूटी से लौटने के बाद खेत में गेहूं का भूसा समेटने गए थे। देर रात करीब 10 बजे परिवार को सूचना मिली कि उनका सड़क हादसा हो गया है।
हादसे के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
मृतक के बड़े भाई विवेक यादव ने बताया कि जैसे ही उन्हें हादसे की खबर मिली, वे तत्काल बख्तियारपुर अस्पताल पहुंचे। वहां से भवेश यादव को बेहतर इलाज के लिए सहरसा लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस अचानक हुई घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ। भवेश यादव बाइक से कहां जा रहे थे या लौट रहे थे, इसको लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पीछे छूट गया भरा-पूरा परिवार
बताया जाता है कि भवेश यादव पिछले पांच वर्षों से सोनबरसा कचहरी में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं—दो बेटे और एक बेटी। इस हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, सोनबरसा कचहरी थाना प्रभारी ने इसे विभागीय मामला बताते हुए ज्यादा कुछ कहने से इनकार किया। दूसरी ओर, सदर अस्पताल थाना प्रभारी गुंजन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
इसे भी पढ़ें - बिहार की राजनीति में बड़ा ट्विस्ट, अगले 48 घंटे में पूरा खेल सेट!