इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा में साल के अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को व्यवहार न्यायालय के मेन बिल्डिंग परिसर में किया गया. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 12 बेंचों का गठन किया गया, जहां बिना किसी शुल्क के विभिन्न प्रकार के सुलह योग्य मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निपटारा किया गया.
लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, विद्युत से जुड़े विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक ऋण, बीमा, पारिवारिक विवाद सहित अन्य लंबित मामलों की सुनवाई की गई. प्रत्येक बेंच में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ अनुभवी अधिवक्ता मौजूद रहे, जिससे फरियादियों को विधिक परामर्श और सहायता मिल सके. बड़ी संख्या में आम लोग अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर लोक अदालत में पहुंचे, जिनका समाधान आपसी सहमति के आधार पर किया गया.
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजुला ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विवाद बिना किसी परेशानी के सुलझाए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि 12 बेंचों में मामलों का निपटारा पूरी तरह नि:शुल्क किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को राहत मिल रही है.
वहीं जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार एवं जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने लोक अदालत को एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे न्याय सुलभ, सरल और त्वरित होता है. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की.
यह भी पढ़ें: बेखौफ अपराधियों ने युवक के सिर में मारी गोली