न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: नवादा के सिरदला में विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन के आदेश पर सिरदला थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। यह निषेधाज्ञा 19 सितंबर से प्रभावी होकर 21 सितंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, कार्यक्रम, धरना-प्रदर्शन अथवा भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन की ओर से शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक आयोजन की इजाजत नहीं होगी। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। अफवाह, भ्रामक सूचना, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली सामग्री का प्रसार करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
आदेश के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी रोक रहेगी। किसी भी प्रकार के केमिकल-शस्त्र अथवा हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
सिरदला में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सिरदला क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल के साथ वरीय पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस आम लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह, अपुष्ट सूचना या भड़काऊ संदेशों पर विश्वास नहीं करने की अपील कर रही है।
प्रिंस हत्याकांड में पांच आरोपियों ने किया सरेंडर
इधर, प्रिंस हत्याकांड में पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच पांच नामजद आरोपियों ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में रामस्वरूप राजवंशी का बेटा अनुज राजवंशी, बासो राजवंशी का बेटा राजबली राजवंशी, फागुनी राजवंशी का बेटा चंदन राजवंशी, राजवंशी का बेटा संतोष राजवंशी उर्फ अमन कुमार तथा मिथिलेश राजवंशी का बेटा रंगीला राजवंशी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी सिरदला थाना क्षेत्र के नाद गांव के रहने वाले हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार चिपकाया था और सरेंडर नहीं करने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। पुलिस के दबाव के बाद पांच आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है।
आहर को लेकर विवाद के बाद बढ़ी सतर्कता
सिरदला के बड़ही बिगहा और नाद गांव के आहर को लेकर दोनों गांवों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट और अन्य गतिविधियों को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। पुलिस ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी अफवाह को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की है।