अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: गयाजी में हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में हुए सनसनीखेज सोना लूटकांड की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. इस हाई-प्रोफाइल मामले के तार गयाजी के सराफा बाजार से जुड़ने के बाद को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया. पटना रेल पुलिस मुख्यालय की विशेष अनुसंधान टीम, गया रेल थाना और स्थानीय कोतवाली थाना की संयुक्त टीम ने सराफा बाजार में छापेमारी की. सादी वर्दी और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों ने दुकानों के कागजात खंगाले और कारीगरों से पूछताछ की. इस दौरान कई दुकानों के शटर आधे गिरे नजर आए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात सराफा व्यवसायी विनोद कुमार को हिरासत में लेकर हाजीपुर ले जाया गया, जहां पूछताछ में उसने लूटे गए सोने की कटिंग गया में कराए जाने की बात कबूली. इसी खुलासे के आधार पर ‘गोल्ड हाउस’ नामक दुकान पर छापेमारी की गई, लेकिन दुकान संचालक मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू मौके से फरार मिला.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लूटे गए सोने की कितनी मात्रा की कटिंग हुई और इसमें और कौन-कौन शामिल था. गौरतलब है कि 21 नवंबर 2025 को ट्रेन में करीब एक किलो सोने की लूट हुई थी, जिसमें तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आई थी. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होंगे.
यह भी पढ़े: समस्तीपुर: जहरीली शराब कांड से इलाके में दहशत, एक ही परिवार में 16 घंटे में दो मौते