न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: वैशाली जिले के महनार से देर रात एक बड़ी दुर्घटना सामने आई, जहां बारात में फोड़े गए पटाखों की चिंगारी से भीषण आग लग गई. इस आग ने देखते ही देखते एक मोटर गैराज और एक गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना महनार बाजार के थाना मोड़ स्थित खाकी बाबा के मजार के पास की है, जहां श्रवण प्रसाद साह उर्फ दहाउर साह का मोटर गैराज और मोहम्मद आबिद का गोदाम आग की लपटों में घिर गया. अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे. सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची. साथ ही मोटर पंप की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. स्थानीय लोगों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन तब तक गैराज में रखे कीमती उपकरण, मशीनरी और गोदाम का पूरा सामान नष्ट हो चुका था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारात के दौरान पटाखे फोड़ने पर निकली चिंगारी पास ही स्थित गैराज पर जा गिरी, जिसके बाद आग तेजी से फैलने लगी. थाना के पास होने के बावजूद आग इतनी तीव्र थी कि नियंत्रण में लाने में काफी समय लग गया. स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी हैं.
यह भी पढ़े: आज से शुरू होगा बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र, पटना में 5 दिसंबर तक धारा 163 लागू