अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: रोहतास जिले के सासाराम के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत करूप स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लास्टिक सामान बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इस गलगी की घटना में फैक्ट्री में लगे सभी मशीन और तैयार माल जलकर राख हो गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 40 से 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी. गनीमत यह रही कि रविवार का दिन होने के कारण फैक्ट्री में कोई भी मजदूर मौजूद नहीं था. सभी कारीगर शनिवार की शाम ही अपने-अपने गांव चले गए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. फैक्ट्री मालिक सूरज कुमार “सुबह स्थानीय लोगों से फोन पर सूचना मिली कि फैक्ट्री से धुआं निकल रहा है. जब मैं यहां पहुंचा, तब तक आग काफी फैल चुकी थी तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. आग शॉर्ट सर्किट से लगी है. फैक्ट्री में लगी सारी मशीनें और प्लास्टिक का सामान जलकर खत्म हो गया. लगभग 40 से 45 लाख का नुकसान हुआ है. आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया.
पूर्व मुखिया नरेंद्र सिंह: “हम लोगों ने आग लगते देखा तो तुरंत पानी का छिड़काव शुरू किया. इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था.” दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल शिवसागर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा रही है.