पवन कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
छपरा/डेस्क: सारण पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई साइबर इंटेलीजेंस शाखा, बिहार पुलिस मुख्यालय से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई. जांच के दौरान IDBI बैंक के एक संदिग्ध म्युल खाते का भौतिक सत्यापन किया गया. जांच में सामने आया कि खाता धारक अनुपम कुमार (34 वर्ष), निवासी लखनपुर, थाना मशरख, जिला सारण, अपने बैंक खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में हुए साइबर धोखाधड़ी के मामलों में ठगी की राशि के प्राप्ति एवं हस्तांतरण के लिए कर रहा था. इस संबंध में देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज पाई गई हैं.
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि उक्त खाते के माध्यम से 15 फरवरी 2026 से 11 जून 2026 के बीच कुल ₹1,28,64,118/- का लेन-देन किया गया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्त अनुपम कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम, पासबुक सहित कई महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं. इस संबंध में सारण साइबर थाना कांड संख्या-42/26 दिनांक 18.03.2026 दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं, मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
बरामद सामान में शामिल
चेक (07), पासबुक (04), एटीएम (08), आधार कार्ड (03), पैन कार्ड (03), सिम कार्ड (31), मोबाइल (03), डेबिट कार्ड (02), ड्राइविंग लाइसेंस (01) सहित अन्य दस्तावेज.
पुलिस की अपील
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम या सिम कार्ड किसी अन्य को उपयोग के लिए न दें. ऐसा करना आपको साइबर अपराध में शामिल कर सकता है और आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है. किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें या नजदीकी थाना से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें: सहरसा में 7 अप्रैल को सांसद दिनेश चंद्र यादव करेंगे संत बाबा कारू खिरहर ध्वजारोहण का उद्घाटन