न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: किशनगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिले में हड़कंप मच गया। यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोटक होने का दावा किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु से भेजा गया प्रतीत होता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल सहित विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा. धमकी के तुरंत बाद कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट भवन के हर कोने की गहन तलाशी ली गई, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
गौरतलब है कि किशनगंज सिविल कोर्ट में प्रतिदिन सैकड़ों मुकदमों की सुनवाई होती है और बड़ी संख्या में वादी, अधिवक्ता और आम लोग यहां आते है. ऐसे में इस तरह की धमकी से लोगों में दहशत का माहौल है. मौके पर एसडीपीओ गौतम कुमार स्वयं पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे है. पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़े: सुपौल में किराना गोदाम से 5 लाख के बिस्कुट चोरी, वारदात से व्यवसायियों में आक्रोश