अफरोज आलम/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: समस्तीपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिसिया व्यवस्था को चुनौती दी है. कल्याणपुर थाना क्षेत्र के खजूरी छटियारी चौक पर स्थित एक सोना-चांदी की दुकान को निशाना बनाते हुए बाइक सवार अपराधी करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए.
बताया जा रहा है कि दो बाइकों पर सवार चार युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे. पहले उन्होंने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा, इसके बाद अलग-अलग प्रकार के सोने के गहने देखने लगे. इसी दौरान उन्होंने ज्यादा वजनदार और बड़े आकार के गहने दिखाने का दबाव बनाया. जब दुकानदार ने ऐसे गहने दुकान में नहीं होने की बात कही, तो बदमाशों ने अचानक हाथापाई शुरू कर दी और सोने के गहने लेकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित दुकानदार सचिन कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले का निवासी है और पिछले दो वर्षों से खजूरी चौक पर सोना-चांदी और बर्तन की दुकान चला रहा है. घटना के बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे.
सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण बदमाशों की पहचान में परेशानी आ रही है, हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. इधर, घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
यह भी पढ़े: किशनगंज में कड़ाके की ठंड, अलाव नदारद, प्रशासन के भरोसे आम लोग व मजदूर