अमन/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा जिले में एक कुख्यात अपराधी ने खुलेआम हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की, लेकिन नवादा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में उसे धर दबोचा. मिर्जापुर इलाके में तांडव मचाने वाला यह शख्स किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया.
नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार को गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर ली. अपराधी भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने अपनी दबंगई दिखाते हुए कमर से पिस्तौल निकालकर उसे खदेड़ा और पकड़ लिया. मौके से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इलाके में पुलिस के इस फिल्मी स्टाइल को देखकर लोगों में चर्चा का माहौल बन गया कोई इसे बॉलीवुड की एक्शन फिल्म तो कोई रियल लाइफ हीरो की कहानी बता रहा था.
पेशेवर अपराधी राजू मांझी पर हत्या सहित 10 मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार अपराधी की पहचान लाइन पार मिर्जापुर के रहने वाले राजू मांझी के रूप में हुई है. वह पेशेवर बदमाश है और हत्या सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि राजू छिटपुट वारदातों से लेकर बड़ी घटनाओं को अंजाम देने में माहिर है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई. लोगों ने पुलिस की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि नवादा पुलिस अब अपराधियों की नींद उड़ा रही है.
यह भी पढ़े: हेमंत कैबिनेट की बैठक आज, कई अहम मुद्दों पर लगेगी मुहर