न्यूज11 भारत
दरभंगा/डेस्क: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पनपीही तालाब से पति-पत्नी का शव बरामद किया गया. घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने सुबह तालाब में एक महिला का शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान एक पुरुष का शव भी बरामद किया गया. मृतकों की पहचान भरवाड़ा निवासी सनाउल्लाह (52) और उनकी पत्नी इशरत प्रवीण (48) के रूप में हुई है. तालाब के घाट से दोनों की चप्पल मिलने के बाद आशंका और गहराई.
परिजनों के अनुसार, रमजान के दौरान सेहरी के समय इशरत प्रवीण शौच के लिए तालाब की ओर गई थीं, क्योंकि घर में शौचालय नहीं है. उनके साथ उनके पति भी गए थे. आशंका है कि महिला का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गईं. उन्हें बचाने के प्रयास में उनके पति भी डूब गए.
परिजनों ने यह भी बताया कि मृतका की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और एक सप्ताह पहले भी वह तालाब में जाने की कोशिश कर चुकी थीं, लेकिन तब उन्हें बचा लिया गया था. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की बात सामने आ रही है. मामले की जांच जारी है. मृतक दंपति के पीछे एक बेटा और एक बेटी हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह भी पढ़ें: सीएम नीतीश कुमार के रोहतास दौरे की कवायद तेज, तैयारियों में जुटी प्रशासन