न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा जिले में नकली दवाओं के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है. थाली थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली दवाएं, उनके रैपर और निर्माण सामग्री जब्त की है. यह कार्रवाई स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
नकली दवाओं के अवैध कारोबार का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर नकली दवाओं की री-पैकिंग कर बाजार में खपाने का खेल चल रहा था. पुलिस बल तथा ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसिंग प्राइवेट लिमिटेड, पटना के फील्ड ऑफिसर मोहम्मद सदाउल्लाह के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया. प्रभारी थानाध्यक्ष चांदनी कुमारी ने बताया कि मामले में के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की करवाई जारी है. सभी जप्त नकली दवाओं को थाना परिसर में रखा गया है.
जब्त की गई नकली दवाओं में विभिन्न लोकप्रिय ब्रांड शामिल है. इनमें एमरोल स्टेस लोशन (70 मिलीलीटर) की 2418 बोतलें और निग्रेल 2 सॉल्यूशन (30 मिलीलीटर) की 5909 बोतलें शामिल है. इसके अतिरिक्त, लिव 52 सिरप (100 मिलीलीटर) की 2215 बोतलें और इबुजेसिक प्लस सिरप (100 मिलीलीटर) की 3765 बोतलें भी बरामद की गई है. पुलिस ने नकली दवाओं की पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले हजारों रैपर भी जब्त किए है. इनमें एमरोल स्टार लोशन (30 मिलीलीटर) के 1245 शीट, निजल 2 सॉल्यूशन (30 मिलीलीटर) के 1245 शीट, लिव 52 सिरप के 615 शीट और इबुजेसिक प्लस (100 मिलीलीटर) के 415 शीट शामिल है.
इसके अलावा, 1915 बॉक्स शेलेल एक्सटी टैबलेट, 50 किलोग्राम कच्चा माल, 3413 खाली बोतलें और 2815 कैप भी मौके से बरामद किए गए है. इस कार्रवाई से नकली दवा बनाने और बेचने वाले गिरोहों को बड़ा झटका लगा है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़े: रोहतास: भोजपुरी स्टार व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पवन सिंह की आज डेहरी व्यवहार न्यायालय में होगी पेशी