अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गयाजी शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित हरियर सुब्रमण्यम स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. आयोजित कार्यक्रम में मगध प्रमंडल आयुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी.
ध्वजारोहण के उपरांत मगध प्रमंडल आयुक्त ने जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परेड की सलामी ली. परेड में पुलिस बल एवं अन्य टुकड़ियों ने अनुशासन और एकता का प्रदर्शन किया. समारोह को संबोधित करते हुए मगध प्रमंडल आयुक्त ने जिले में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की अपील की.
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया. झांकियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं, सामाजिक जागरूकता एवं विकास कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा. पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ.
यह भी पढ़े: नालंदा में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया, जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने फहराया तिरंगा