दिवाकर कुमार/न्युज11 भारत
मुंगेर/डेस्क: बुधवार को मुंगेर जिले के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. स्नान करने गई चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां गंगा की तेज धारा में डूब गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने चार किशोरियों के शव गंगा से बरामद कर लिए.
मृतकों की पहचान संगीता कुमारी, संध्या कुमारी, सोनम कुमारी और हिना कुमारी के रूप में हुई है, वहीं पांचवीं किशोरी विनीता कुमारी की तलाश गंगा में जारी है बरामद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम मुंगेर के डिप्टी मेयर खालिद हुसैन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
उन्होंने मृतक परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना पूरे मुंगेर के लिए एक काला अध्याय साबित हुई है.डिप्टी मेयर ने कहा कि एक ही परिवार की चार सगी बहनों की मौत अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. प्रशासन द्वारा लापता किशोरी विनीता कुमारी की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. घटना के बाद पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है.
यह भी पढ़ें: जाम से निजात के लिए समिति का गठन, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने का सख्त निर्देश