न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पिछले लोकसभा चुनाव में रंगभूमि मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्णिया की जनता से एयरपोर्ट का वादा किया था. अब बिहार विधानसभा चुनाव से पहले परवान चढ़ रही हैं. पूर्णिया एयरपोर्ट से बहरहाल अहमदाबाद और कोलकाता के बीच ही हवाई सेवा की शुरुआत हो पाई है. लेकिन आने वाले दिनों में दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई सरीखे शहरों से कनेक्टिविटी के बाद इसका लाभ सीमांचल समेत कोसी के लोगों को मिलना तय हैं.
अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन होगा
सोमवार दोपहर लगभग 2.20 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे. उसके बाद पूर्णिया एयरपोर्ट पर बने अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. पटना, गया, दरभंगा के बाद पूर्णिया बिहार का चौथा एयरपोर्ट होगा जहां से कमर्शियल फ्लाइट की सेवा शुरू होगी.
61 यात्री पूर्णिया से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे
सोमवार को अहमदाबाद से 76 सीटर विमान से 66 यात्री प्लेन से सफर करेंगे. उसी विमान से फिर 61 यात्री पूर्णिया से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे. इसी तरह प्रधानमंत्री की मौजूदगी के बीच कोलकाता के लिए भी विमान रवाना होगा. एयरपोर्ट के उद्घाटन के पश्चात पूर्णिया के शीशाबाड़ी में प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा खास होगी. बिहार में दरभंगा, झंझारपुर, सीवान, मोतिहारी, भागलपुर, विक्रममंज के बाद आज प्रधानमंत्री पूर्णिया के शीशाबाड़ी में लगभग 75 मिनट तक रहेंगे.
यह भी पढ़े: रांची: बुढ़मू में वज्रपात से 2 लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम