न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत NEET छात्रा के परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया है. छात्रा के पैतृक गांव स्थित घर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे किचेन की खिड़की पर एक धमकी भरा पर्चा मिला. पर्चे में लिखा था, ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे. हैरानी की बात यह है कि जिस समय पर्चा फेंका गया, उस वक्त घर पर पुलिस सुरक्षा तैनात थी. पिछले एक सप्ताह से होमगार्ड और एक चौकीदार की ड्यूटी परिवार की सुरक्षा में लगाई गई है. इसके बावजूद धमकी भरा पर्चा घर के अंदर पहुंच जाना कई सवाल खड़े करता है. वही धमकी भरा पर्चा मिलने के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है. परिजनों ने बताया कि इसकी जानकारी स्थानीय थाना और सीबीआई की टीम को भी दी गयी है.
इधर सूचना मिलते ही शकूराबाद थाना अध्यक्ष राहुल कुमार गांव पहुंचे और पर्चे को जब्त कर जांच शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि पर्चे का सत्यापन किया जा रहा है. प्रथम दृष्टया यह असामाजिक तत्वों की करतूत प्रतीत होती है. मामले की जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का दावा किया गया है. गौरतलब है कि नीट एस्पिरेन्ट पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पहले इस मामले की जांच पटना पुलिस और एसआईटी ने की, लेकिन बाद में जांच CBI को सौंप दी गई. फोरेंसिक जांच में अंतःवस्त्र पर पुरुष के स्पर्म की पुष्टि होने के बाद एसआईटी ने गांव के एक दर्जन से अधिक लोगों के डीएनए नमूने भी लिए थे. न्याय की मांग को लेकर आठ फरवरी को परिजनों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी किया था. अब धमकी भरा पर्चा मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें- NEET छात्रा का मौत मामला: CBI ने मृतका के गांव में साढ़े तीन घंटे की पूछताछ, परिजनों को न्याय की जगी उम्मीद