न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पटना पुलिस ने बुधवार (11 मार्च) को फतुहा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से करीब 1200 से अधिक जिंदा कारतूस और एक देसी कट्टा बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ फतुहा थाना क्षेत्र के सिरपतपुर इलाके में हुई. पुलिस को अपराधियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई. घायल अपराधी को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान सुंदरम के रूप में हुई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा और भारी मात्रा में करीब 1200 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें- कोरोना टीका की तरह गैस सिलेंडर पर भ्रम फैला रहा झामुमो: प्रदीप वर्मा