न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
दरभंगा - दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र में एक शादी बुधवार रात उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गई, जब लड़की पक्ष ने मंडप में बैठे दूल्हे को देखकर बड़ा खुलासा कर दिया। जिस युवक की तस्वीर दिखाकर रिश्ता तय किया गया था, बारात में उसकी जगह कोई दूसरा ही युवक सेहरा बांधकर पहुंच गया। देर रात करीब डेढ़ बजे बारात गांव पहुंची थी और जल्दबाजी में शादी की रस्में पूरी कराने की तैयारी चल रही थी। लेकिन जयमाला से पहले ही लड़की पक्ष को दूल्हे पर शक हो गया और फिर शुरू हुआ “चेहरे मिलान” का पूरा खेल।
हाईलाइट्स -
- दरभंगा के जाले में शादी समारोह के दौरान दूल्हे की पहचान पर उठा सवाल
- मोबाइल में सेव फोटो और मंडप में बैठे युवक का चेहरा अलग निकला
- लड़की पक्ष ने रिश्ता तय कराने वाले लोगों को पकड़कर पूछताछ की
- गांव में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस और पंचायत ने कराया हस्तक्षेप
- घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और मजाक का विषय बनी शादी
मोबाइल में फोटो खुली, फिर मंडप में मचा हंगामा
परिजनों ने जब मोबाइल में सेव फोटो से मंडप में बैठे दूल्हे का चेहरा मिलाया, तो मामला साफ हो गया। फोटो वाला युवक और शादी करने पहुंचा युवक अलग-अलग निकले। गांव वालों के मुताबिक, मंडप में मौजूद दूल्हा तस्वीर वाले लड़के से उम्र में भी काफी बड़ा दिख रहा था। इसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लड़की पक्ष ने रिश्ता तय कराने वाली दो महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। देखते ही देखते शादी का माहौल विवाद में बदल गया और पूरे गांव में चर्चा फैल गई।
पंचायत और पुलिस के बीच सुलझाने की कोशिश
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के बाद गांव के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने की कोशिश शुरू की। फिलहाल घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण भी इस अजीबोगरीब मामले पर चुटकी लेते नजर आए। गांव में लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं- “अब शादी तय करने से पहले सिर्फ फोटो नहीं, आधार कार्ड भी चेक करना पड़ेगा!”
इसे भी पढ़ें - बिहार सरकार का बड़ा दांव, कई IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी; शिक्षा से लेकर श्रम विभाग तक तबादले की सूचना जारी...