राजू राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: पटना पुलिस की मुस्तैदी से बड़ी सफलता, स्वर्ण व्यवसाई पर गोली चलाने वाला अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ है. वही पटना मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से स्वर्ण व्यवसाई पर गोली चलाने वाले अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है. लूट के दौरान ज्वेलर्स मालिक को गोली मारने वाले एक अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है.
छह दिन पूर्व बस्ती रोड स्थित गणपति ज्वेलर्स के मालिक संजय सोनी को लूट के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. इसी मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर मनेर के रतन टोला-सादिकपुर गंगा नदी किनारे पुलिस पहुंची, जहां अपराधियों ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई. घायल अपराधी की पहचान नीतीश कुमार, पिता सुभाष राय, निवासी चौरासी गांव (सुअरमरवा पंचायत, मनेर) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
मुठभेड़ के दौरान मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार समेत पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए. वहीं दो अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह और दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस के अनुसार, लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक राजीव नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसे बरामद कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस की तत्पर कार्रवाई से अपराधियों में दहशत और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.
यह भी पढ़े: मत्स्यगंधा मेला में किन्नर बनकर ठगी कर रही युवती पकड़ी गई, असली किन्नर ने किया खुलासा, वीडियो वायरल